मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार समूचा प्रशासनिक अमला और जनप्रतिनिधि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और बहाली कार्यों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में ऊना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने सोमवार को नगर परिषद ऊना तथा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
जलभराव की स्थिति का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी श्री रायजादा के साथ मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
त्वरित समाधान पर जोर
श्री रायजादा ने स्थानीय लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सहायता सुनिश्चित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन निरंतर सक्रिय है।
मुख्यमंत्री की निगरानी
पूर्व विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू स्वयं राहत, बचाव एवं बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। राज्य सरकार और जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।