हमीरपुर में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा 77वां गणतंत्र दिवस

rakesh nandan

09/01/2026

हमीरपुर जिला में 77वां गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 2026 को पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए जिला एवं उपमंडल स्तर पर तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने शुक्रवार को हमीर भवन में विभिन्न विभागों तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।

शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्कूल मैदान में होगा समारोह

उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हमीरपुर के मैदान में आयोजित किया जाएगा।
26 जनवरी को प्रातः 11 बजे मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे।

इन टुकड़ियों की होगी भागीदारी

परेड में—

  • हिमाचल प्रदेश पुलिस

  • होमगार्ड

  • एनसीसी

  • एनएसएस

  • स्काउट्स एंड गाइड्स

की टुकड़ियां भाग लेंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र

समारोह के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा उनकी सूची पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजी जाए, ताकि रिहर्सल सुचारू रूप से करवाई जा सके।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 20 जनवरी तक उपलब्धियों के संक्षिप्त विवरण सहित नामों की सूची जिला प्रशासन को भेजें।

व्यवस्थाओं के लिए दिए निर्देश

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सलामी मंच, फ्लैग पोस्ट, पेयजल, शौचालय, सफाई, बिजली आपूर्ति, प्रतिभागियों के जल-पान तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, नगर निगम और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा, होमगार्ड कमांडेंट विनय कुमार, डीएसपी नितिन चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।