69वीं राष्ट्रीय अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता शुरू

rakesh nandan

02/02/2026

69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की अंडर-19 (छात्रा) हैंडबॉल प्रतियोगिता का आज घुमारवीं स्थित पीएम श्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में भव्य शुभारंभ हुआ। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतियोगिता का झंडा फहराकर उद्घाटन किया और देशभर से आई 30 टीमों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली।

मंत्री ने इस अवसर पर छात्रा खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई तथा 5 दिवसीय राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में घुमारवीं में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन संभव हो पाया है, जो क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

राजेश धर्माणी ने कहा कि जब देश की बेटियां सशक्त होंगी, तभी राष्ट्र प्रगति करेगा। खेल बेटियों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं तथा आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के बिना शिक्षा अधूरी है और प्रत्येक बच्चे को खेल के मैदान तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं से राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी भाईचारे को बल मिलता है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से ब्रांड हिमाचल को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जहां बाहर से आई टीमों को प्रदेश की लोक संस्कृति और खान-पान से परिचित करवाया जा रहा है।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों एवं शैक्षणिक संगठनों की लगभग 400 छात्रा खिलाड़ी और 85 टीम अधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला हिमाचल प्रदेश और नवोदय विद्यालय समिति के बीच खेला गया।

उद्घाटन समारोह में मंत्री की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी, पद्मश्री हरिमन शर्मा, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।