उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज जिला सिरमौर के पीएम श्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पांवटा साहिब में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स अंडर-14 (छात्र) वॉलीबॉल चैंपियनशिप के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
शिक्षा और खेल में सरकार के सुधारात्मक निर्णयों के सकारात्मक परिणाम
उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का युग है और प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा को व्यावहारिक बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए अनेक अहम निर्णय लिए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम आज सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश आज पूर्ण साक्षर राज्य के रूप में पहचान बना चुका है और शिक्षा सूचकांकों में 21वें स्थान से शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है। विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेज़ी माध्यम आरंभ किया गया है। साथ ही, 100 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ने का निर्णय लिया गया है।
खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा दे रही है प्रदेश सरकार
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर नई पहल कर रही है। जिला स्तर पर खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल ढांचे के विकास से युवाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
प्रतियोगिता का परिणाम
यह चैंपियनशिप 05 से 09 जनवरी 2026 तक पांवटा साहिब में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की टीमों ने भाग लिया।
विजेता: उत्तर प्रदेश
उपविजेता: उत्तराखंड
तृतीय स्थान: मणिपुर
फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में मणिपुर ने तमिलनाडु को 3-0 से पराजित किया।
पुरस्कार वितरण और घोषणा
उद्योग मंत्री ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए। इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से दो लाख रुपये देने की भी घोषणा की और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन, नगर परिषद, खेल संघों के अधिकारी, कोच, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
