चंगर में 55वां विजय दिवस समारोह

rakesh nandan

16/12/2025

पूर्व सैनिक कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश द्वारा वर्ष 1971 भारत–पाक युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में 55वें विजय दिवस के अवसर पर चंगर स्थित वीर बलिदानी स्मारक परिसर में एक गरिमामय एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिलासपुर ज्योत्सना सुमंत डढ़वाल मुख्य अतिथि तथा एसडीएम बिलासपुर सदर राजदीप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित ब्रिगेडियर जगदीश सिंह वर्मा, कर्नल जितेंद्र चंदेल, कर्नल उपेंद्र चंदेल और कैप्टन राम नाथ शर्मा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां, सैनिक परिवारों के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और गौरव का वातावरण देखने को मिला। समिति ने जानकारी दी कि देश के विभिन्न युद्ध क्षेत्रों से लाई गई वीर बलिदानी मिट्टी को विधिवत रूप से स्मारक में स्थापित किया गया। यह पहल शहीदों के बलिदान को चिरस्थायी स्मृति देने तथा आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से की गई।

समिति के प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन अमर नाथ धीमान एवं चेयरमैन कैप्टन संजय कुमार ने बताया कि 16 दिसंबर को बरठीं से बिलासपुर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न स्थानों से होते हुए वीर बलिदानी स्मारक चंगर पहुंची। इसके पश्चात धार्मिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मिट्टी के कलश स्मारक में स्थापित किए गए। कार्यक्रम का समापन शहीदों के सम्मान, श्रद्धा और देशभक्ति के संकल्प के साथ हुआ।