बिलासपुर || 03 दिसंबर 2024 || प्रदेश सरकार के दो वर्षों का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को बिलासपुर जिले में आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने मंगलवार को जिला के समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न समितियां गठित कर दी गई हैं, जिनमें सभी विभागों के अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

बैठक में यातायात व्यवस्था, ठहरने की सुविधा, बैठने का प्रबंध, स्वास्थ्य सेवाएं, वाहन प्रबंधन, विद्युत और पेयजल आपूर्ति, इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्वच्छता और अग्निशमन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सौंपे गए कार्यों को समय पर और कुशलता से पूरा करें। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिले को इतने बड़े कार्यक्रम के आयोजन का अवसर मिला है, और इसे सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों को अपनी पूरी क्षमता से कार्य करना चाहिए।

बैठक में एडीसी डॉ. निधि पटेल, सभी एसडीएम, सहायक आयुक्त नरेंद्र कुमार अहलूवालिया, और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment