जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल एस.के. कालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 जनवरी को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना के प्रांगण में 10वां पूर्व सशस्त्र सैनिक दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस गरिमामय समारोह के मुख्य अतिथि जतिन लाल, उपायुक्त ऊना होंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक दिवस प्रत्येक वर्ष भारतीय सेना के प्रथम फील्ड मार्शल जनरल के.एम. करियप्पा की स्मृति में मनाया जाता है। इस अवसर पर जिले के सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया गया है।
श्री कालिया ने बताया कि समारोह के दौरान वीर माताओं, वीर नारियों तथा बहादुरी पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज में देशभक्ति, त्याग और सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
इसके अतिरिक्त जिला सैनिक कल्याण विभाग द्वारा बीते वर्ष के दौरान संचालित विभिन्न गतिविधियों, कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की जाएगी। यह कार्यक्रम न केवल पूर्व सैनिकों के सम्मान का प्रतीक होगा, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।