नाहन || 26 जून || गत दिनों प्रतिबंधित पशु कुर्बानी के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने के बाद उपजा विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इस प्रकरण को लेकर बुधवार को ऐतिहासिक शहर नाहन के बड़ा चौक में हिंदू महापंचायत का आयोजन हुआ, जिसमें कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं समेत संत समाज के लोग मौजूद रहे।

इस दौरान मंच से शासन और प्रशासन के खिलाफ वक्ताओं का गुस्सा फूटा। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन कार्रवाई करता तो हिंदू संगठनों को न तो प्रदर्शन करने की नौबत आती और न ही षडयंत्रकारी कोई षडयंत्र रच पाते। यहां संबोधन के बाद डीसी सिरमौर को एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें बाहरी राज्य से आने वाले हरेक व्यक्ति की पूरी तरह जांच पड़ताल करने और ऐसे किसी प्रवासी को दुकान किराये पर देने पर मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाने की मांग उठाई गई। साथ ही इस प्रकरण को लेकर प्रशासन को भी चेताया कि यदि प्रदर्शनकारियों पर मामले दर्ज हुए तो इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इससे पूर्व बड़ा चौक में हिंदू महापंचायत को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि सिरमौर प्रशासन इस मामले में लीपापोती का काम कर रहा है. मामले को प्रशासन ऐसे प्रदर्शित कर रहा कि एक व्यक्ति ने गलती की तो दूसरे ने भी गलती ही की है. जबकि, प्रशासन को फोटो वायरल करने वाले युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लानी चाहिए थी, लेकिन बार-बार आरोपी को बचाने की कोशिश की गई. आखिर प्रशासन किसके दबाव में काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि हिंदू संगठनों का ये प्रदर्शन प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई न किए जाने को लेकर है.

 

जिला भाजपा उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र हिंदूस्तानी ने कहा कि इस तरह पशु की कुर्बानी बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को भी सही को सही और गलत को गलत तरीके से देखना चाहिए। बाहर से आने वाले लोगों की नियमित जांच होनी चाहिए. ऐसे लोगों को शहर में किराये पर दुकान देने वालों को भी पहले जांच पड़ताल करनी चाहिए. गोमाता में 33 कोटी देवी देवताओं का वास है. हिंदू समाज कभी भी उनकी धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेगा. धर्म सिर्फ एक है बाकी मजहब है. उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई प्रशासन को करनी चाहिए।

इससे पूर्व मंच से बनेठी पंचायत के उपप्रधान राजकुमार और नाहन नगर परिषद के पार्षद विक्रम वर्मा ने भी संबोधित किया. इसके बाद तमाम हिंदू संगठन के लोगों ने उपायुक्त सिरमौर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा गया कि इस घटना के बाद जो-जो बातें सामने आ रही हैं, उससे यही प्रतीत हो रहा है कि इस मामले को मूल विषय से भटकाया जा रहा है. इस घटना में मुख्यकर्ता को न देख सिर्फ लीपापोती की जा रही है. इस अवसर पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे. महापंचायत के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल भी तैनात किया था.

Leave a Comment