बिलासपुर || 15 जनवरी 2025 || ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर श्री नैना देवी जी डॉक्टर एस. एस. बावा ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र (एचडब्ल्यूसी), डबट ने वर्ष 2025 के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्राप्त कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि यह प्रमाणन दबट केंद्र की गुणवत्तापूर्ण और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को मान्यता देने का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि एनक्यूएएस प्रमाणन, स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्टता का सर्वाेच्च मानक है, जो केंद्र द्वारा सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, मरीजों की सुरक्षा और समग्र स्वास्थ्य देखभाल में सुधार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि इस प्रमाणन के लिए दबट केंद्र को एक कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। राज्य-नियुक्त विशेषज्ञों द्वारा केंद्र का बाहरी निरीक्षण किया गया। केंद्र ने सभी निर्धारित मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, बुनियादी ढांचे की मजबूती और मरीजों की संतुष्टि पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने बताया कि इस सफलता में स्वास्थ्य कार्यकर्ता रीता राणा और सीएचओ पूनम का विशेष योगदान रहा है। उनकी समर्पण भावना और कड़ी मेहनत ने केंद्र को इस ऊंचाई तक पहुंचाया। इसके साथ ही बीएमओ कार्यालय और जिला गुणवत्ता सलाहकार का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मरीजों के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाती है। उन्होंने दबट केंद्र की टीम और जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों को उनके अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), बिलासपुर, डॉ. परवीन चौधरी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रमाणन स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्ता और कुशलता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने दबट केंद्र की पूरी टीम को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण न केवल दबट केंद्र के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और यह स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।