कालाअम्ब || 03 जुलाई || काला आम के स्थानीय लोग पेपर मिल और लोहा उद्योग की मनमानी और अव्यवस्था को लेकर कालाअम्ब से नाहन 18 किलोमीटर पैदल चलकर डी. सी. के दरबार में पहुंचे है। स्थानीय लोग दिनेश अग्रवाल, नीरज तोमर, जिला परिषद सदस्य पुष्पा देवी ने बताया कि कालाअम्ब में पेपर मिल और लोहा उद्योगों ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। कभी उद्योगों का गंदा पानी यो कभी उद्योगों से निकलने वाला काला धुआँ लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
लोगों ने बताया कि पेपर मिल की ओवरलोड और ओवरहाइट गाड़ियां बेधड़क होकर सड़क पर चल रही है जिससे स्कूली बच्चों के साथ साथ स्थानीय वाहन चालक एवं दुकानदारो के साथ दुर्घटना होने का अंदेशा रहता है।
लोहा उद्योग से निकलने वाले रासायनिक युक्त काला धुएँ ने तो लोगों को घरों के आँगन में बैठना मुश्किल कर दिया है। लोग अपने घरों की छतों पर कपड़े नहीं सूखा सकते। कपड़ों में काले रंग के धब्बे पड़ जाते है।
स्थानीय व्यक्ति दिनेश अग्रवाल ने बताया कि कई बार इस मनमानी और अव्यवस्था के बारे में उद्योगों और प्रशासन की बैठक में उठा चुके हैं मगर इस पेपर मिल और लोहा उद्योग के मालिकों के कान में जूँ तक नहीं रेंगती। लोगों ने कहा कि मजबूर होकर उन्हें इन उद्योगों के खिलाफ कालाअम्ब से नाहन तक विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर फिर भी यह उद्योग अपनी मनमानी और अव्यवस्था से बाज नहीं आते तो प्रदर्शन को आगे बढ़ाया जाएगा।