जिला मुख्यालय नाहन के शंभूवाला में जेसीबी ऑपरेटर की हत्या के आरोपियों को सिरमौर पुलिस ने मात्र 48 घंटे में उत्तर प्रदेश के खतौली से पकड़ने में कामयाब हासिल की है। सिरमौर पुलिस ने मंगलवार रात को हत्या का मामला दर्ज कर बुधवार तड़के से ही अलग-अलग स्थान पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे दी थी। जिसके 48 घंटों के भीतर ही सिरमौर पुलिस ने जेसीबी ऑपरेटर की हत्या के आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के खतौली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है।
जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक रमण कुमार मीणा द्वारा टीम गठित की गयी जिसनें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोम दत्त के नेतृत्व में नाहन पुलिस की टीम एसआई राजविंदर सिंह, एएसआई महिपाल, मुख्य आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी नीतीश कुमार और आरक्षी रॉबिन कल्याण ने गहनता से छानबीन करते हुए आरोपियों को उत्तर प्रदेश के खतौली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी अनुसार मदनलाल लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार अंकुश बंसल के पास जेसीबी ऑपरेटर का काम करता था। वह पिछले 1 साल से ठेकेदार के पास मशीन ऑपरेटर के पद पर तैनात था। मंगलवार शाम को ठेकेदार के मजदूर 46 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र बृजपाल सिंह निवासी गांव बसयाच पोस्ट ऑफिस, थाना और तहसील जॉनसठ जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश व उसके बेटे 20 वर्षीय ललित का किसी बात को लेकर मदनलाल से झगड़ा हो गया। इसके बाद यह सभी निर्माणाधीन पुल की तरफ आए, जहां पर पुल के समीप नरेश और ललित ने रॉड से मदन लाल पर हमला कर घायल कर दिया तथा गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मदनलाल ने दम तोड़ दिया। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने हत्या के दोनों आरोपियों की यूपी के खतौली से गिरफ्तारी की पुष्टि की है।