बिलासपुर || 03 दिसंबर 2024 || बिलासपुर के बचत भवन में आयोजित हुआ जिला स्तरीय समारोह 3 दिसंबर को जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस कार्यक्रम का आयोजन बचत भवन में किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने की।

उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने इस अवसर पर कहा कि इस दिवस को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि दिव्यांगजनों के प्रति अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में संवेदनशीलता दिखाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। कई योजनाएं और अधिनियम बनाए गए हैं, जिनका प्रचार-प्रसार कर सभी दिव्यांगजनों तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुलभ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस दिशा में सर्वप्रथम उपायुक्त कार्यालय को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाया गया है। इसी तरह, अन्य कार्यालयों को भी सुलभ बनाने की प्रक्रिया जारी है।

इस अवसर पर दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल ने अधिनियम के तहत दिव्यांगजनों के अधिकारों और संबंधित विभागों द्वारा उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान, जिला की विभिन्न गैर-सरकारी संस्थाओं जैसे चेतना संस्थान, नया सवेरा, आशा किरण और मुकम्बिका ने म्यूजिकल चेयर, लंबी कूद, बैडमिंटन, और जम्प जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 40 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर दिव्यांग कल्याण संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला कल्याण संघ ने उपायुक्त द्वारा दिव्यांगजनों के हित में उठाए गए कदमों की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर चंद्रशेखर भाटिया, जिला न्यायावादी जिला कार्यक्रम अधिकारी, उप क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक लखनपाल, उपनिदेशक उच्च एवं प्रारंभिक शिक्षा, जिला कल्याण संघ की महासचिव रचना देवी, सभी तहसीलों के तहसील कल्याण अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment