बिलासपुर, 15 जुलाई 2025 || श्री नयना देवी जी मंदिर में 25 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक आयोजित होने वाले श्रावण अष्टमी मेले के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। मेले के दौरान संभावित भारी भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए खास प्रबंध किए जा रहे हैं।
जिला दण्डाधिकारी बिलासपुर, राहुल कुमार ने इस संदर्भ में आदेश जारी कर गृह रक्षा, पांचवीं वाहिनी, बिलासपुर को 500 गृह रक्षकों (जिसमें महिला गृह रक्षकों का भी समावेश है) की सेवाएं मेले में तैनात करने के लिए निर्देशित किया है।
इन गृह रक्षकों को 24 जुलाई 2025 की दोपहर तक पुलिस मेला अधिकारी, श्री नयना देवी जी को उपलब्ध कराने का प्रावधान है। मेले के दौरान इन गृह रक्षकों के वेतन भत्तों का भुगतान श्री नयना देवी जी मंदिर न्यास द्वारा किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने ये भी स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाया जाएगा, ताकि मेला सुचारु और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।