विपक्ष पिछले दो वर्षों से सरकार गिराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जनता का विश्वास हमारी सरकार के साथ अडिग : अग्निहोत्री

rakesh nandan

11/12/2024

बिलासपुर || 11 दिसंबर 2024 || हिमाचल प्रदेश सरकार के दो वर्ष के सफल कार्यकाल के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बुधवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बिलासपुर के लूहणू मेला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष पिछले दो वर्षों से सरकार गिराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जनता का विश्वास हमारी सरकार के साथ अडिग है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा, “हम 40 थे, हम 40 हैं। यदि हिम्मत है तो सरकार गिराकर दिखाओ।”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार प्रदेश के विकास के लिए कृतसंकल्प है और पारदर्शिता तथा ईमानदारी के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल भवन प्रदेश की महत्वपूर्ण संपत्ति है, और सरकार ने इसके लिए 64 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, ताकि इसका उचित रखरखाव सुनिश्चित हो सके।

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के विकास पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि रोज़ाना 5 लाख लोग एचआरटीसी की बसों में सफर कर रहे हैं। घाटे वाले रूट भी संचालित किए जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में एचआरटीसी के बेड़े में 1,000 नई बसें शामिल की जाएंगी, जिनमें 327 इलेक्ट्रिक बसें, 250 डीजल बसें और 100 टेम्पो ट्रैवलर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जा रहा है।

शिमला में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2,000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह रोपवे भारत का सबसे लंबा और एशिया का दूसरा सबसे लंबा रोपवे होगा, जो शिमला की पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल को ग्रीन स्टेट बनाने की दिशा में जल्द ही सभी बसें इलेक्ट्रिक होंगी।

बल्क ड्रग पार्क की प्रगति पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। कार्य में तेजी लाने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से पानी की टंकियां बन चुकी हैं और बिजली से संबंधित कार्य प्रगति पर है।

सहकारिता क्षेत्र में सुधार की बात करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सहकारी संस्थाओं में आरक्षण देने पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही यह प्रस्ताव मंत्रिमंडल में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों का कम्प्यूटरीकरण कर पारदर्शिता और गति सुनिश्चित की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्षी दल प्रदेश को बदनाम करने में जुटे हैं, जबकि वर्तमान सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास के पथ पर अग्रसर है।

Leave a Comment