विधायक अजय सोलंकी द्वारा मालगांव में नए भवन का उद्घाटन एवं खेल मैदान के लिए 15 लाख की घोषणा

rakesh nandan

15/02/2025

नाहन || 14 फरवरी 2025 || विधायक अजय सोलंकी द्वारा आज नाहन विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजकीय उच्च विद्यालय मालगांव में 50.66 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन नए कमरों के भवन का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के खेल मैदान के विकास के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की गई, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

विद्यालय में आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान विद्यालय परिवार और ग्रामवासियों द्वारा दिखाए गए स्नेह और सम्मान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण

इसके साथ ही आज जमटा-महीपुर सड़क पर हो रहे ट्यूरिंग कार्य की गुणवत्ता का विधायक अजय सोलंकी ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो और कार्य को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय जनता को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

नाहन विधानसभा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता

नाहन विधानसभा के चहुंमुखी विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में ठोस कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Comment