वर्तमान कठिन परिस्थितियों में प्रदेश को छोड़कर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य विदेश यात्रा पर क्यों गए : राजीव

rakesh nandan

23/07/2025

शिमला || 22 जुलाई 2025 || भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सहजल ने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सवाल उठाया है कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह क्यों विदेश यात्रा पर गए हैं जबकि प्रदेश में प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति स्पष्ट करती है कि लोक निर्माण मंत्री को प्रदेश की त्रासदी की कोई चिंता नहीं है।

डॉ. सहजल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता सरकार और लोक निर्माण मंत्री से यह जानना चाहती है कि क्यों एक अधिशाषी अभियंता, जो धरातल पर उत्कृष्ट कार्य कर रहा था, को कुछ नेताओं के दबाव में ट्रांसफर किया गया है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री से इस प्रश्न का उत्तर देने की अपील की, क्योंकि यह मामला सीधे तौर पर लोक निर्माण विभाग से संबंधित है।

 

मंडी जिले के हालात को देखते हुए भाजपा नेता ने कहा कि यहां हुए नुकसान की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि मंडी में बादल फटने से भारी तबाही हुई है, जिसमें बड़े पावर प्रोजेक्ट, सड़कें, पानी की सप्लाई योजनाएं और अन्य आधारभूत संरचना पूरी तरह तबाह हो गई हैं। उन्होंने विशेष रूप से 16 मेगावाट के पावर प्रोजेक्ट का उल्लेख किया, जो भाजपा के कार्यकाल में बना था और अब उसका नामोनिशान मिट चुका है।

 

डॉ. सहजल ने यह भी कहा कि वर्तमान त्रासदी के कारण 1235 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है, 500 से अधिक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं, और 700 से अधिक घरों में आंशिक क्षति हुई है। इसके अलावा, 1000 से अधिक पशुधन को भी हानि हुई है। उन्होंने निराशा जताई कि प्रदेश सरकार अभी तक इस स्थिति पर उचित कार्रवाई नहीं कर रही है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस संकट के समय लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को विदेश यात्रा पर नहीं, बल्कि ग्राउंड जीरो पर होना चाहिए था, ताकि वह प्रभावित लोगों की मदद कर सकें और स्थिति का सही आकलन कर सकें।

Leave a Comment