हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने जन स्वास्थ्य अभियान हिमाचल इकाई के साथ मिलकर वरिष्ठ नागरिक दिवस का आयोजन किया। इसमें विभिन्न विभागों से सेवानिवृत, विभिन्न व्यवसायों से जुड़े वरिष्ठ नागरिकों सहित हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति एवं जन स्वास्थ्य अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

आयोजन की अध्यक्षता आईजीएमसी शिमला के हृदय रोग विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पी.सी. नेगी ने की। डॉ. नेगी ने वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक दिवस समाज में उनके योगदान को मान्यता देने, उनके जीवन को प्रभावित करने वाले मुद्दों की पहचान करने, उनकी ज़रूरतों को जानने का अवसर देता है। डॉ. नेगी ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ इंसान की स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। उन्हें आर्थिक, सामाजिक, भावनात्मक हर प्रकार के सहयोग की ज़रूरत होती है। कई गंभीर बीमारियों में उन्हें जीवन भर दवाइयों पर रहना पड़ता है। लेकिन ऐसा भी देखने में आता है कि बहुत से बुजुर्ग आर्थिक तंगी के कारण पूरे समय दवाई नहीं ले पाते। बीच में ही छोड़ देते हैं। देखने में यह भी आता है कि बुजुर्ग बिना किसी की मदद के अस्पताल आते हैं, कोई उनके साथ आने वाला नहीं होता। डॉ. नेगी ने ऐसी नीति बनाने पर ज़ोर दिया जिससे कमज़ोर और गरीब तबके को भी मुफ्त दवाइयां उपलब्ध हो पाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि बुजुर्गों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ही सेवाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए तकनीक का सहारा लेना चाहिए। उन्होंने अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए महीने में जांच के लिए अलग दिन निश्चित किया जाना चाहिए।

वहीं हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तंवर ने कहा कि समिति हमेशा इस बात की हिमायती रही है कि कम से कम प्रदेश के सर्वोच्च स्वास्थ्य संस्थान में तो वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समिति शीघ्र ही इस संबंध में सरकार को ज्ञापन देकर इसकी मांग करते।
जन स्वास्थ्य अभियान की हिमाचल इकाई के संयोजक सत्यवान पुण्डीर ने हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति और जन स्वास्थ्य अभियान शीघ्र ही राज्य कार्यालय में एक जन स्वास्थ्य क्लीनिक की शुरुआत करेगी।

समिति ने इस मौके पर पांच सदस्यीय वरिष्ठ नागरिक मंच उप समिति का गठन भी किया। जिसमें सुश्री सुमित्रा चंदेल को संयोजिका, जगदीप पंवर, गोविंद चतरांटा, आर.एस. ठाकुर, पी.एल. नेगी सदस्य बनाए गए।

Leave a Comment