बिलासपुर || 11 दिसम्बर 2024 || प्रदेश की कांग्रेस सरकार का दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर लुहणू मैदान में आयोजित रैली में अप्रत्याशित भीड़ उमड़ी। जनता ने अपार स्नेह प्रकट करते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की नीतियों और निर्णयों पर अपनी मुहर लगाई। लोगों की भीड़ के आगे रैली स्थल छोटा पड़ गया और लुहणू मेला ग्राउंड में लोगों के लिए कुर्सियों की व्यवस्था करनी पड़ी। बिलासपुर शहर से लेकर लुहणू मैदान तक चारों ओर जनसैलाब था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के प्रति लोगों का बेहद उत्साह था। मुख्यमंत्री ने भी जनता को मान-सम्मान देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

रैली को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि मंगलवार रात से ही बिलासपुर में जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। युवा व महिला कार्यकर्ता नारेबाजी करते और गीत गाते हुए रैली स्थल पर पहुंचे। प्रदेश सरकार के दो साल के कार्यकाल में हुए निर्णयों और पूरी की गई 7 गारंटियों से जनता गदगद दिखी। प्रदेश के हर कोने से लोग बिलासपुर पहुंचे और मुख्यमंत्री और पूरी सरकार को अपना आशीर्वाद दिया। लोग सरकार के निर्णयों की चर्चा करते देखे गए। ओपीएस से लाभान्वित कर्मचारियों और कंप्यूटर शिक्षकों ने बेहतर निर्णयों के लिए सरकार का सम्मान किया। पूरी कांग्रेस पार्टी और सरकार एकजुट दिखी, जिससे लुहणू मैदान में दोसाला समारोह का सफल आयोजन हुआ।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के प्लेकार्ड हाथों में लेकर उनकी हौसलाअफजाई की। अन्य कांग्रेस नेताओं के प्लेकार्ड भी उनके समर्थकों ने हाथों में लिए हुए थे। बिलासपुर वासियों ने दूरदराज से आई जनता के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था जगह-जगह की हुई थी। बसों में ही भोजन के पैकेट उपलब्ध करवाए गए। जनसैलाब से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी सरकार का मनोबल और बढ़ा है। सरकार आने वाले दिनों में दोगुने उत्साह के साथ अनेक जनहितैषी फैसले लेगी। जिसके संकेत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी रैली के दौरान अपने संबोधन में दे दिए हैं। जनसैलाब देखकर मुख्यमंत्री और पूरी सरकार जोश से लबरेज दिखी।

Leave a Comment