राजकीय कन्या विद्यालय ऊना के 42 मेधावियों को उपायुक्त ने किया सम्मानित

rakesh nandan

17/07/2025

ऊना, 17 जुलाई 2025 || उपायुक्त ऊना, जतिन लाल, ने गुरुवार को “अपना विद्यालय” पहल के तहत राजकीय कन्या उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद किया, उनकी उपलब्धियों की सराहना की और 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली 42 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया।

“अपना विद्यालय” हिमाचल सरकार की एक अभिनव पहल है, जिसके अंतर्गत प्रशासनिक अधिकारी सरकारी विद्यालयों को गोद लेकर उनकी गुणवत्ता, संसाधनों और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए नया आधार स्थापित कर रहे हैं। उपायुक्त ने विद्यालय के प्रति अपनापन दर्शाते हुए छात्राओं से बातचीत की, उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया और सफलता के बहुमूल्य सूत्र बताए।

अपने संबोधन में, उपायुक्त जतिन लाल ने छात्राओं से कहा कि उन्हें अपने सपनों को बड़ा रखना चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए आत्मविश्वास, ईमानदारी और लगातार प्रयासों को अपने साथी बनाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को यह भी सलाह दी कि वे किसी भी चुनौती से न डरें और अपनी अंदर की क्षमता को पहचानें।

कार्यक्रम में आयोजित संवाद सत्र के दौरान, छात्राओं ने करियर, प्रशासन, और शिक्षा से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। उपायुक्त ने सरल और प्रभावशाली तरीके से उनके सभी सवालों का उत्तर दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

विद्यालय के प्रिंसिपल सुरेश ने कहा कि उपायुक्त द्वारा विद्यालय को गोद लिए जाने और उनके प्रत्यक्ष जुड़ाव से छात्राओं में आत्मबल बढ़ा है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त के सतत मार्गदर्शन से उन्हें अपने जीवन में बड़े सपने देखने का हौंसला मिला है। करियर को लेकर उनकी सोच स्पष्ट हुई है और संकल्पों को साकार करने की नई शक्ति का संचार हुआ है।

Leave a Comment