रघुनाथपुरा के विद्यार्थियों ने किया डाइट जुखाला का शैक्षिक भ्रमण

rakesh nandan

29/01/2025

बिलासपुर || 29 जनवरी 2025 || राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रघुनाथपुरा के विद्यार्थियों ने डाइट जुखाला का शैक्षिक भ्रमण किया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना था। यह जानकारी रघुनाथपुरा विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार कैंथ ने दी।

उन्होने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न भौतिक मॉडलों का अध्ययन किया और प्रयोगात्मक रूप से उन्हें उपयोग करने का अनुभव प्राप्त किया। डाइट जुखाला के विज्ञान समन्वयक विजय कुमार ने विद्यार्थियों को वीआर लैब (वर्चुअल रियलिटी लैब) का भ्रमण करवाया और वर्चुअल रियलिटी इमेजेस के माध्यम से अध्ययन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों ने सूक्ष्मदर्शी और अन्य वैज्ञानिक उपकरणों का भी निरीक्षण किया, जिससे उन्हें विज्ञान की गहरी समझ विकसित करने में सहायता मिली।

उन्होंने बताया कि इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान कक्षा 9वीं और 10वीं के 30 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी विद्यार्थियों ने इस अनुभव को अत्यंत लाभदायक बताया और विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा और अधिक बढ़ी। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें प्रयोगों के माध्यम से शिक्षा प्रदान करना था।

उन्होने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान की संपूर्ण समिति ने इस भ्रमण का कुशलता पूर्वक आयोजन किया। इस तरह के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास में सहायक होते हैं और वे भविष्य में भी इसी प्रकार के ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन करते रहेंगे।

Leave a Comment