शिमला || 21 जुलाई 2025 || हिमाचल प्रदेश बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने कांग्रेस सरकार द्वारा लाई गई जॉब ट्रेनिंग भर्ती योजना का तीव्र विरोध किया है। उन्होंने इसे युवाओं के साथ भद्दा मजाक करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनावी प्रचार के दौरान पक्की नौकरियों का वादा किया था, जो अब वादा खिलाफी में बदल चुका है।
तिलक राज ने स्पष्ट किया कि यह परीक्षा प्रणाली नहीं, बल्कि शोषण प्रणाली है, जो कांग्रेस सरकार द्वारा लागू की जा रही है। उनका कहना है कि वर्तमान सरकार केवल अपने मित्रों के लिए काम कर रही है और युवाओं का शोषण करने पर तुली हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जारी किया गया यह “तुगलकी फरमान” युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने और उन्हें भ्रमित करने का प्रयास है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बेरोजगारी हिमाचल प्रदेश में चरम पर है और सरकार के पास वर्तमान में कोई ठोस नीति या योजना नहीं है।
तिलक राज ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार इस फरमान को वापस नहीं लेती और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ जारी रखती है, तो युवाओं के पास एक व्यापक आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस आदेश पर पुनर्विचार करने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का आग्रह किया।