मुख्य चुनाव अधिकारी नंदिता गुप्ता ने वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

rakesh nandan

19/12/2024

बिलासपुर || 19 दिसंबर 2024 || निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम, वीवीपैट मशीन एवं वेयरहाउस की विश्वसनीयता कायम रखने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नंदिता गुप्ता ने वीरवार को उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला बिलासपुर के लखनपुर में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) के सुरक्षित और उपयुक्त भंडारण हेतु बनाए गए वेयरहाउस का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य ईवीएम और वीवीपैट के भंडारण, प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कंट्रोल यूनिट्स की स्थिति और रखरखाव, वीवीपैट की भंडारण की व्यवस्था तथा  बैलेट यूनिट्स की सुरक्षा का अवलोकन किया।  इसके अतिरिक्त उन्होंने एफएलसी हॉल का भी निरीक्षण किया, जहां ईवीएम और वीवीपैट की प्रारंभिक जांच और सत्यापन किया जाता है। उन्होंने स्टेट सेंट्रल वेयरहाउस का भी निरीक्षण किया। स्टेट सेंट्रल वेयरहाउस में पूरे स्टेट की नोन  फंक्शनल ईवीएम और वीवी पैट जमा की जाती है। वेयरहाउस  को कोई नुकसान न पहुंचे, इसके लिए उन्होंने अग्निशमन यंत्रों और जलापूर्ति इत्यादि सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था के तहत गार्ड रूम का भी निरीक्षण किया,जहां से चौबीस घंटे वेयरहाउस की निगरानी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने बताया कि वेयरहाउस में सभी मशीनों और संबंधित उपकरणों का समुचित भंडारण सुनिश्चित किया गया है तथा भंडारण क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी का विशेष ध्यान रखा गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को  निर्देश दिए कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के रखरखाव और सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों की अनुपालन सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर एसडीएम अभिषेक गर्ग, इलेक्शन तहसीलदार विजय शर्मा, नायब तहसीलदार इलेक्शन विजय कुमार शर्मा , कांग्रेस पार्टी से बंता सिंह , भाजपा से चमन गुप्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment