महिला दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र, नाहन में भव्य समारोह आयोजित

rakesh nandan

08/03/2025

नाहन || 08 मार्च 2025 || अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र, नाहन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें इनर व्हील क्लब की चीफ एडवाइजर श्रीमती मधु बिंदल जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।बहन ममता अग्रवाल (प्रेसिडेंट इनर व्हील) रेनू कश्यप (चीफ एडिटर एमबीएम), अंजना शर्मा (प्रवक्ता) विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस विशेष आयोजन में महिलाओं के आध्यात्मिक, सामाजिक और मानसिक सशक्तिकरण पर जोर दिया गया।

इस कार्यक्रम में बहन मधु बिन्दल ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की समानता और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए दुनिया भर के तमाम देश हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाते हैं। यह केवल एक दिन का उत्सव नहीं है बल्कि महिला सशक्तिकरण और समानता की दिशा में एक कदम है। हमारा इतिहास महिलाओं की अद्भुत क्षमताओं एवं कृत्यों से भरा पड़ा है हमारे देश में भगवान के नाम से पूर्व उनकी पत्नी का नाम लिया जाता है जैसे सीताराम राधेश्याम लक्ष्मी नारायण आदि । यहां नारी को माता के रूप में पूजा जाता है। वह दुर्गा रूप में,लक्ष्मी रूप में, सरस्वती रूप में अनेक रूपों में पूजी जाती है। आज जरूरत है कि शत प्रतिशत महिलाएं पढ़ी लिखी हों उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधाएं प्राप्त हो इन सबके लिए हमको मिलकर काम करना होगा।

बहन ममता अग्रवाल ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यहां आकर हमेशा कुछ ना कुछ सीखने को मिलता है। बहन रेनू कश्यप ने कहा कि यहां आकर बहुत शांति मिलती है और ओम् शांति कहने से तो डबल ऊर्जा मिल जाती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपना अस्तित्व खो चुकी है और अभी हमको अपने अस्तित्व को ढूंढने की जरूरत है। तभी हम इस कड़ी को आगे बढ़ा पाएंगे। बहन अंजना शर्मा ने कहा कि हमारा भारतीय इतिहास महिलाओं की शक्ति रुपी कहानियों से भरा पड़ा है। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए और आज के इस युग में महिलाओं को अपना सम्मान सबसे पहले स्वयं करने की आवश्यकता है। संस्था की संचालिका बी.के.रमा दीदी ने महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “हर नारी के भीतर दिव्यता और शक्ति है। जब वह अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचानती है, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।” महिलाएं समाज में प्रेम शांति और करुणा फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वह अपनी आध्यात्मिकता से परिवार और समाज को सही दिशा दे सकती है। सच्चा सशक्तिकरण बाहरी साधनों से नहीं बल्कि आत्मा की जागृति से होता है। जब महिलाएं स्वयं को आत्मा रूप में पहचानती है और परमात्मा से जुड़ती है तो वह अपने अंदर अपार शक्ति अनुभव करती है।

इस मौके पर बहन स्नेहलता गुरुंग भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष, भी उपस्थित रहे।

बी.के. शिवानी दीदी ने राजयोग के महत्व को समझाते हुए बताया कि ध्यान और सकारात्मक सोच से महिलाएं जीवन की कठिनाइयों का सामना दृढ़ता से कर सकती हैं। हर नारी अपनी आध्यात्मिक शक्ति द्वारा अपने परिवार और समाज को सही दिशा दे सकती है क्योंकि महिलाएं ही है जो समाज में प्रेम शांति और करुणा फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के प्रयासों की सराहना की और नारी सशक्तिकरण के इस संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बी.के प्रियंका बहन ने “आज नारी शक्ति का स्वागत है सम्मान है ” गीत गाया। कनिका ने “स्वागतम शुभ स्वागतम” गीत पर नृत्य किया। मृणालिनी ने “जन-जन का कल्याण करे” गीत पर सुन्दर नृत्य किया।बबीता और शिवानी ने खूबसूरत नाटी द्वारा सबका मन मोह लिया। बी.के. दीपा बहन द्वारा कुशल मंच संचालन किया गया।महिला दिवस कार्यक्रम सभी को सम्मानित कर के बड़े ही उल्लासपूर्वक समापन किया गया।

Leave a Comment