ऊना, 16 जुलाई 2025 || उपमंडल निर्वाचन कार्यालय ऊना द्वारा आयोजित दो दिवसीय मतदाता कार्यशाला का शुभारंभ आज (बुधवार) को डीआरडीए सभागार ऊना में एसडीएम ऊना, विश्व मोहन देव चौहान की अध्यक्षता में हुआ। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यशाला के दौरान, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संग्रहित आंकड़ों का विश्लेषण किया गया और मतदाता सूची में सुधार की संभावनाओं पर गहन चर्चा की गई। अधिकारियों को मतदाता सूची में डुप्लीकेसी, मृत मतदाताओं के नाम हटाने, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, लिंगानुपात और आयु-जनसंख्या के अनुपात को संतुलित करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और एसडीएम ऊना ने बीएलओ से अपील की कि वे मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सजगता और ईमानदारी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।
कार्यशाला में निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी, डेटा एंट्री ऑपरेटर और सुपरवाइजर स्टाफ भी शामिल रहे।