घुमारवीं, 15 जुलाई 2025 || तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मंगलवार को भराड़ी सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत की, अस्पताल की सफाई और व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धर्माणी ने बताया कि प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, और सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त दवाइयाँ और आवश्यक जांचें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि दवाइयों को प्राथमिकता के आधार पर जरूरतमंद मरीजों तक पहुँचाया जाए। इसके साथ ही, मरीजों के साथ संवेदनशीलता और सहानुभूति से व्यवहार करने को कहा, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
मंत्री ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उनका मानना है कि स्वच्छता सिर्फ अस्पताल की छवि को सुधारती है, बल्कि मरीजों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने जलजनित रोगों के खतरे को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने का भी निर्देश दिया, विशेष रूप से बरसात के मौसम में, और सभी मरीजों को केवल उबला हुआ पानी उपलब्ध करने के लिए कहा।
स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत करते हुए, धर्माणी ने अस्पताल को मरीजों के अनुकूल बनाने की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया और कहा कि यदि किसी मरीज को दवा या उपचार में कोई कठिनाई आती है, तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुँचानी चाहिए।
अंत में, मंत्री ने जनता से अपील की कि वे वर्षा ऋतु में स्वच्छ पानी का सेवन करें, और किसी भी स्वास्थ्य समस्या के मामले में नजदीकी सरकारी अस्पताल में तुरंत जांच करवाएँ। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएँ मिल सकें।