हमीरपुर || 01 अगस्त 2024 || ब्यास नदी के जलस्तर में हो रही लगातार वृद्धि और आने वाले दिनों में मौसम के खराब रहने की आशंका के चलते उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सभी जिलावासियों से विशेष ऐहतियात बरतने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि मंडी-कुल्लू में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं तथा विभिन्न बांधों से पानी छोड़े जाने से ब्यास नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। उपायुक्त ने सचूही, खैरी, जंगलबैरी, सुजानपुर, भलेठ, नादौन और ब्यास नदी के किनारे अन्य क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे नदी के नजदीक न जाएं।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम खराब रह सकता है तथा जिला में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान भी सभी लोग ऐहतियात बरतें तथा नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से दूर रहें।

उन्होंने बताया कि जिला में किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड और अन्य विभागों को आवश्यक मशीनरी तथा कर्मचारियों को हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के साथ-साथ होमगार्ड्स और अग्निशमन विभाग के बचाव दस्तों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। जिला में किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में डीईओसी के टॉल फ्री नंबर 1077 या दूरभाष नंबरों 01972-221277, 221377, 221477 या 221877 पर संपर्क किया जा सकता है।

——-

सुजानपुर-टौणीदेवी क्षेत्र में अवरुद्ध हुई सड़कों को अतिशीघ्र करवाया बहाल

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि बुधवार रात और वीरवार सुबह सुजानपुर और टौणीदेवी क्षेत्र में हुई बारिश से कुछ सड़कें जगह-जगह अवरुद्ध हो गई थीं। इन्हें बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सुजानपुर-संधोल मुख्य मार्ग गांव पलाही, बजाहर और सचूही के पास अवरुद्ध हो गया था। जंगलबैरी-कक्कड़-टौणीदेवी सड़क भी जगह-जगह अवरुद्ध हो गई थी। भोरंज क्षेत्र में भी खरवाड़-धमरोला संपर्क मार्ग बंद हुआ था। लोक निर्माण विभाग ने तुरंत मशीनरी और लेबर लगाकर इन सड़कों को बहाल कर दिया है।

Leave a Comment