जिला बिलासपुर में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के परिसर से बाइक एवं स्कूटी रैली निकाली गई। रैली को अतिरिक्त उपायुक्त डॉ निधि पटेल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली का संचालन एसडीएम सदर अभिषेक गर्ग और डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने किया उसके अतिरिक्त जिला यातायात प्रभारी कुलदीप सिंह और आरक्षी संजीव कुमार ने भी ट्रैफिक का संचालन करते हुए रैली में मुख्य रूप से भाग लिया। इस रैली में बिलासपुर कॉलेज और आईटीआई बिलासपुर के छात्र छात्राओं ने भाग लिया।
रैली उपायुक्त कार्यालय परिसर से होते हुए कॉलेज चौक, गुरुद्वारा चौक, छात्र स्कूल बिलासपुर, गर्ल्स स्कूल बिलासपुर से होते हुए हॉटस्पॉट से बामटा चौक पहुंची जिसके बाद बामटा चौक से वापस आकर बस स्टैंड बिलासपुर होते हुए डीयारा सेक्टर से लखनपुर होते हुए वापस उपायुक्त कार्यालय परिसर में रैली का समापन हुआ।

इस दौरान लोग मतदाता जागरूकता संबंधी नारे भी लगाए गए। रैली में लोकतंत्र वाहन के द्वारा मेरा वोट मेरी ड्यूटी गाने के माध्यम से लोगों को 1 जून 2024 को होने वाले लोकसभा चुनाव में वोट डालने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ निधि पटेल ने बताया कि जिला प्रशासन बिलासपुर लोगों को शत प्रतिशत मतदान के लिए विभिन्न स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक करने का लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बाइक और स्कूटी रैली के माध्यम से लोगों को 1 जून 2024 के दिन मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है और जल्द ही जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा जिला के सभी विधानसभा क्षेत्र में लोकतंत्र वाहन को रवाना किया जाएगा। इस रैली में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में कार्यरत सहायक सूचना अधिकारी राज कुमार, तकनीकी सहायक जसवंत सिंह, सुभाष चंद और स्वीप सेल में कार्यरत अमन और दीपक ने भी भाग लिया।

Leave a Comment