बिलासपुर || 03 दिसंबर 2024 || लुहणू मैदान में आज पटवारी एवं कानूनगो महासंघ के पहले स्पोर्ट्स मीट का भव्य आयोजन हुआ। नगर नियोजक आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने इस आयोजन का उद्घाटन किया और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक एक ही प्रकार के कार्यों में व्यस्त रहने से मानसिक तनाव बढ़ सकता है, जिसे दूर करने के लिए खेल और शारीरिक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक शांति प्रदान कर कार्यक्षमता और उत्साह को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पटवारी और कानूनगो महासंघ का सहयोग समाज में पात्र व्यक्तियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण है।
राजस्व सुधारों पर जोर देते हुए मंत्री धर्मानी ने कहा कि विभाग में डेडीकेटेड रेवेन्यू एक्सपर्ट्स की नियुक्ति से आम जनता को अधिक लाभ पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी और महासंघ की मांगों पर विचार किया जाएगा।
मंत्री ने वॉलीबॉल खेल का शुभारंभ किया और एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल विजेता किक बॉक्सिंग खिलाड़ी अखिल ठाकुर को सम्मानित किया। उनकी उपलब्धि पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रही।
संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ के अध्यक्ष सतीश चौधरी ने मंत्री का स्वागत करते हुए महासंघ की समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश सरकार इन मांगों को प्राथमिकता के साथ सुलझाएगी।
इस अवसर पर बिलासपुर अध्यक्ष सुनील जोशी ने मुख्य अतिथि का इस कार्यक्रम में भाग लेकर शुभारंभ करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त निधि पटेल, एसीपी शिवा चौधरी, जिला कांग्रेस अध्यक्षा अंजना धीमान, और महासंघ के कई प्रमुख सदस्य, जिनमें युवराज नेगी, अजय कपूर, दलजीत नरवाल, मीना कालिया, विचित्र सिंह, इंदर सिंह, विशंभर दास, चमन ठाकुर, भगत ठाकुर, अमन सहावी, और सुनील जोशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।