बिलासपुर, 16 जुलाई 2025 || जिला बिलासपुर में बस सेवाओं की समय-सारिणियों को संगठित और सुगम बनाने के लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण द्वारा विभिन्न रूटों के लिए संयुक्त समय-सारिणी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकाओं का मुख्य उद्देश्य परिवहन परमिटों में आवश्यक परिवर्तनों पर चर्चा करना और नई समय-सारिणियां निर्धारित करना है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार कौशल ने बताया कि इन बैठकों की शुरुआत 22 जुलाई 2025 से होगी। इस दिन धनीपुखर-थापना, बरठीं-कलोल और जड्डू-मलरांव-बरठीं-तलाई रूट की बैठक प्रातः 11:30 बजे क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा, 24 जुलाई को घुमारवीं-बाडा-दा-घाट-जाहू, थुरान-पंजीन-ज्योरिपत्तन और भगेड़-झंडूता रूट की बैठक भी प्रातः 11:30 बजे आयोजित की जाएगी।
इस क्रम में 26 जुलाई को बरमाणा-डेहर-अलसू-कुहमझवाड़ और बैरी-मलोखर रूट के लिए बैठक निर्धारित की गई है। इसके बाद, 6 अगस्त को भगेड़-ऋषिकेश-मंडी-भराड़ी-एम्स रूट और 8 अगस्त को बिलासपुर-एम्स रूट की बैठक प्रातः 11:30 बजे होगी।
कौशल ने सभी संबंधित बस परमिट धारकों को निर्देशित किया कि वे समय पर सभी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए आवश्यक दस्तावेजों सहित अपने आवेदन पत्र कार्यालय में प्रस्तुत करें, जिससे समय-सारिणियों का सही निर्धारण किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक के दिन बस मालिकों को अपने मूल परमिट और पूर्व निर्धारित समय-सारिणी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है।
इस तरह की बैठकें न केवल बस सेवाओं को व्यवस्थित करने में मदद करेंगी, बल्कि यात्रियों के लिए बेहतर परिवहन सुविधाएं भी सुनिश्चित करेंगी।