नाहन || 11 जुलाई || बार एसोसिएशन नाहन के युवा अधिवक्ताओं ने वीरवार को वृक्षारोपण अभियान शुरू किया| पहले दिन अधिवक्ताओं ने आंवला, हरड़, बेहड़ा, शहतूत, अर्जुन छाल, बेलपत्र, पीपल, सहजन और रीठा जैसी औषधीय प्रजातियों के 20 पौधे रोपे| अभियान का शुभारंभ वरिष्ठ अधिवक्ता एके रेवाल ने किया|
न्यायिक विभाग की भूमि पर चलाए गए वृक्षारोपण अभियान में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया| अधिवक्ता एके रेवाल ने कहा कि जिस तरह से ग्लोबल वार्मिंग और तापमान में अत्याधिक परिवर्तन हो रहा है, इसके लिए जरूरी है कि ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए जाएं| ये अभियान पेड़ लगाने तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, इनकी देखभाल भी बहुत आवश्यक है|
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं ने समाज के बीच जागरूकता शुरू करने की पहल की है, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हों और अधिक से अधिक पेड़ लगाना शुरू करें| ये अभियान जारी रहेगा और कुल 60 पौधे लगाए जाएंगे, जिनकी नियमित तरीके से देखभाल भी की जाएगी|
इस मौके पर राघव ठाकुर, संदीप सिंह, राजेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, संदीप सिद्धू, सुशांत थापा, संदीप चौहान, अनुराग शर्मा, रुखसार सैयद, मोहित कुमार, सौरभ मोहिंद्रा और नकुल ठाकुर आदि मौजूद रहे|