बिलासपुर || 20 जुलाई 2025 || प्रदेश सरकार में नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यवसाय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने आज बरोटा में कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
करीब 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित यह भवन क्षेत्रीय कृषकों और ग्रामवासियों के लिए सहकारी गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। मंत्री धर्मानी ने कहा कि वर्तमान सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। यह भवन किसानों और सहकारी समिति के सदस्यों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
मंत्री ने यह भी बताया कि औहर के पास लगभग 200 करोड़ रुपए की लागत से एक विशाल कृषि कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस आधुनिक परिसर में स्थानीय किसान अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकेंगे, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सकेगा।
धर्मानी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीक, बेहतर विपणन प्रणाली और सहकारी संस्थाओं के सशक्तिकरण से कृषि क्षेत्र में नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों और समिति सदस्यों ने मंत्री का आभार व्यक्त किया, और कहा कि यह भवन वर्षों से लंबित मांग थी, जो अब पूरी हुई है। इससे समिति के कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को सहकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।
कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव ने किया, और अंत में सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया गया।