ऊना, 17 जुलाई 2025 || प्रेम आश्रम स्कूल के विशेष बच्चों और स्टाफ ने उपायुक्त ऊना जतिन लाल से गुरुवार को मिलकर हाल ही में दी गई निःशुल्क परिवहन सुविधा के लिए आभार प्रकट किया। यह सुविधा विशेष रूप से मैहतपुर स्थित गुलमोहर सिनेमा हॉल में प्रेम आश्रम द्वारा आयोजित ‘सितारे ज़मीन पर’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान प्रदान की गई थी, जिसमें दिव्यांग बच्चों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई इस प्रेरणादायक फिल्म को प्रदर्शित किया गया।
जिला प्रशासन ने बच्चों के लिए आने-जाने की विशेष व्यवस्था की, जिससे बच्चों ने खुशी और उत्साह के साथ इस अनुभव का आनंद लिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने बच्चों के साथ बातचीत की और उनके चेहरे पर प्रसन्नता देखकर गहरी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों, विशेषकर दिव्यांगजनों को सहयोग और सम्मान देना समावेशी विकास की सही दिशा है।
उपायुक्त ने प्रेम आश्रम द्वारा विशेष बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की और आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन भविष्य में भी इस तरह के प्रयासों में हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि ये विशेष बच्चे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनके लिए एक सकारात्मक, समावेशी और सहयोगात्मक वातावरण निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।