भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज मंगलवार को हिमाचल के किन्नौर, रामपुर और शिमला में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकाल में देश में हुए जनकल्याणकारी और विकास कार्यों का उल्लेख किया। जगत प्रकाश नड्डा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव विंदल, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता सूरत नेगी, किन्नौर जिलाध्यक्ष यशवंत नेगी सहित पार्टी के अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
नड्डा ने कहा कि जनता के उत्साह एवं ऊर्जा को देखकर यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हिमाचल की जनता ने तीसरी बार देश की बागडोर सौंपने का निर्णय ले लिया है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में राजनैतिक संवाद और राजनैतिक विषय को बदल दिया है। 10 वर्ष पहले भारत भ्रष्टाचार में लिप्त था और लोगों के मन में आता था, कि भारत एक भ्रष्टाचारी देश बन गया है। आए दिन भ्रष्टाचार के किस्से सुनने को मिलते थे। साधारण व्यक्ति ने यह मान लिया था कि देश में कुछ बदलने वाला नहीं है लेकिन प्रधानमंत्री ने लोगों के मन में ये विश्वास दिलाया कि देश बदल सकता है। 1 जून को जब हिमाचल की जनता कमल का बटन दबाएगी, तो विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए दबाएगी। आज देश की राजनीति का चरित्र, परिभाषा, संस्कृति और कार्य करने का ढंग बदल चुका है। पहले जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर वोट मांगे जाते थे लेकिन आज श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकासवाद और रिपोर्टकार्ड की राजनीति हो रही है। आज भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा था वो करके दिखाया है और जो नहीं कहा था वो भी करके दिखाया है। कोरोना महामारी और यूक्रेन युद्ध के बाद अमेरिका, यूरोप, जापान और चीन जैसे देशों की आर्थिक स्थिती बिगड़ गई लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 10 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 10वें स्थान से ऊपर उठकर 5वें स्थान पर आ गई है और मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में तीसरे स्थान की अर्थव्यवस्था बन जाएगी। भारत में ट्यूबरक्लोसिस की दवा आने में 25 साल लग गए, टिटनेस की दवा को आने में 28 साल लगे, जापानी बुखार की दवा आने में 100 साल लग गए, लेकिन नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में जनवरी 2020 में देश का पहला कोरोना केस आने के 9 महीने के भीतर कोरोना की 2-2 वैक्सीन बनाकर और देश की 140 करोड़ जनता को डबल डोज देकर कोरोना महामारी से सुरक्षित किया गया। दुनिया में दवाई के निर्यात में भारत अब दूसरे नंबर पर आ गया है। सबसे सस्ती और सबसे असरदार दवा आज भारत बना रही है। भारत ने 100 देशों को वैक्सीन मैत्री के तहत और 48 देशों को नि:शुल्क वैक्सीन देकर सहायता की है। यदि विदेशों में भी आपदा आई तो मदद के लिए सबसे पहले हाथ भारत ने बढ़ाया है। आज भारत जापान को पीछे छोड़कर ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में भारत तीसरे नंबर का उत्पादक और बाजार बन गया है। इस्पात के क्षेत्र में भारत दूसरे नंबर का देश बन गया है, पेट्रोकैमिकल्स में भारत का निर्यात 106 प्रतिशत बढ़ गया है और 97 प्रतिशत मोबाइल आज भारत में बन रहे हैं। 10 वर्ष पहले मोबाइलों पर ‘मेड इन चाइना, ताइवान, जापान और कोरिया’ लिखा होता था, लेकिन आज ‘मेड इन इंडिया’ लिखा होता है और यही आज के भारत की बदलती तस्वीर है।
नड्डा ने कहा कि देश के जवान 1972 से वन रैंक, वन पेंशन के लिए लड़ रहे थे लेकिन 2014 में नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद वर्ष 2015 में ‘वन रैंक, वन पेंशन’ लागू करके 1.25 लाख करोड़ रूपए फौजियों के खाते में डालकर उन्हें उनका अधिकार दिया। पहले सीमा पर गोली चलती थी तो फौजियों को जवाब देने के दिल्ली से आदेश की प्रतीक्षा करनी पड़ती थी, लेकिन आज मोदी नेतृत्व में सीधा आदेश है कि गोली का जवाब तब तक गोली से दिया जाए जब तक गोली चलाने वाले समाप्त न हो जाएं। पहले देश में आतंकी हमले होते थे तो केंद्र सरकार लाचारी दिखाती थी, लेकिन मोदी के नेतृत्व में उरी और पुलवामा में पाकिस्तान द्वारा किये गए हमलों का मुंह तोड़ जवाब देश की मजबूत सरकार ने दिया और 10 दिनों के भीतर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करके पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवाद का सफाया किया। आज भारत बुलेट प्रूफ जैकेट, फाइटर जेट, राफेल लड़ाकू विमान बना रहा है और आत्मनिर्भर बन रहा है। माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में चिटकुल हिमाचल का पहला गांव बन गया है। सीमाओं पर डबल लेन और डबल ब्रिज के साथ सैकड़ों किलोमीटर सड़क का निर्माण हो गया है और अब भारतीय फौज डेढ़ दिन के भीतर सरहद पर पहुंच जाती हैं। कांग्रेस सरकार डरती थी कि सड़क बन जाएगी तो दुश्मन आ जाएगा, लेकिन माननीय मोदी जी कहते हैं कि सड़क बनाएंगे और दुश्मन के छक्के छुड़ाएंगे।