पांवटा उपमंडल के किशनपुरा गांव की बेटी युवा उद्यमी के तौर पर उभर कर बनाई अपनी पहचान

rakesh nandan

03/03/2025

नाहन || 03 मार्च 2025 || हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के किशनपुरा गांव की बेटी आज युवा उद्यमी के तौर पर उभरी हैं। ये कहानी छोटे से गांव से निकलकर एक सफल मेकअप आर्टिस्ट बनने के संघर्ष और समर्पण की है। गांव में संसाधनों की कमी थी, वहीं दूसरी ओर “छाया” के भीतर अपनी मेहनत, लगन और हुनर को सिद्ध करने की अडिग इच्छा शक्ति थी। गांव में इस क्षेत्र में काम करना अच्छा नहीं माना जाता था। लेकिन, बेटी ने अपने सपनों को हकीकत में बदलने की ठानी।

शुरुआत में मेकअप के कोर्स किए और सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में अपने हुनर को निखारने की ठानी। कठिनाइयों के बावजूद, हर दिन खुद को बेहतर बनाने के लिए संघर्ष किया। इसी संघर्ष और आत्मविश्वास ने एक सफल मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर अपनी मंजिल तक पहुंचने में मदद की।

पांवटा साहिब उपमंडल के छोटे से गांव किशनपुरा से निकलकर एक सफल मेकअप आर्टिस्ट बनने तक का सफर किसी प्रेरणादायक कहानी से कम नहीं है। जहां कभी इस क्षेत्र में मेकअप और ब्यूटी ब्राइडल इंडस्ट्री की ज्यादा समझ नहीं थी, वहीं छाया चौधरी ने अपनी मेहनत, लगन और हुनर से इस सोच को बदलने का काम किया है। इस सफर में उन्हें अपने परिवार का भरपूर सहयोग मिला। विशेषकर अपनी माता से कदम कदम पर प्रोत्साहन मिला।

2019 में छाया ने बतौर मेकअप आर्टिस्ट छाया मेकओवर के नाम से स्वतंत्र रूप से अपना काम शुरू किया। हालांकि इससे पहले वो मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर जॉब करती थी। एक के बाद एक कदम बढ़ाते हुए छाया ने मेहनत व लगन से शहर में नाम बना लिया। मेकअप के क्षेत्र में अपनी महारत को बखूबी साबित किया। इसी दौरान 2022 में उन्होंने गर्ल्स पार्लर के साथ यूनिसेक्स हेयर सलून भी शुरू किया, जिससे उन्हें और अधिक प्रोत्साहन मिला।

इसी बीच लंबी बीमारी के बाद छाया की मां का देहांत हो गया, जिसने उन्हें भावनात्मक तौर पर गहरा आघात पहुंचाया। लेकिन जल्द ही खुद को संभालते हुए छाया ने मां के सपनों को पूरा करने की ठानी। फिर कड़ी मेहनत और समर्पण के कारण उन्होंने नया मुकाम हासिल किया, बल्कि शहर के युवाओं के लिए एक प्रेरणा भी बनीं।

बड़े शहरों में निखारा….

छाया ने मेकअप कोर्स किए और शहर में जाकर अपने हुनर को निखारा। कठिनाइयों के बावजूद, उन्होंने हर दिन खुद को बेहतर बनाने के लिए संघर्ष किया। आज, वह एक सफल मेकअप आर्टिस्ट हैं और उनका मानना है कि यदि मेहनत और लगन हो, तो किसी भी क्षेत्र में सफलता पाई जा सकती है।उनके इस सफर ने यह साबित कर दिया कि किसी भी मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ अवसर ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और मेहनत भी जरूरी हैं।

हर वर्ग की लड़की के सपनों में भरती हैं रंग….

साज श्रृंगार किसी भी युवती या महिला के जीवन का अभिन्न हिस्सा होता है। शादी एक लड़की के जीवन का सबसे खास और महत्वपूर्ण दिन होता है, और इस दिन को यादगार बनाने में छाया की विशेषज्ञता बेमिसाल है। वह हर दुल्हन के इस खास दिन को अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से विशेष बना देती है। चाहे दुल्हन किसी भी सामाजिक या आर्थिक वर्ग से हो, छाया उसे अपनी कला और मेकअप के जरिए इस दिन को अविस्मरणीय बना देती है। छाया के स्टाफ का भी इस कार्य में भरपूर सहयोग रहता है, जो मिलकर दुल्हन को उसकी खूबसूरत और आत्मविश्वास से भरी हुई छवि में निखारते हैं। चाहे बजट कितना भी हो, वह अपने मेकअप की कला से हर दुल्हन के सपने को हकीकत में बदल देती हैं।

सपनों को पूरा करने का जज्बा…

छाया का मानना है कि जितना बड़ा जोखिम होगा, सफलता भी उतनी ही बड़ी मिलेगी। आज उनका स्टूडियो न सिर्फ उनकी आय का साधन बना है, बल्कि यह 10 अन्य लड़कियों को रोजगार भी प्रदान कर रहा है, जो इस क्षेत्र में अपने सपनों को पंख देने की चाहत रखती हैं।

महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा…

मेकअप इंडस्ट्री में अब तक पुरुषों का दबदबा ज्यादा देखा गया है, लेकिन छाया ने इस धारणा को तोड़ते हुए खुद को साबित किया है। हालांकि, इस पेशे में अब पुरुष भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन छाया का मानना है कि महिलाएं इस क्षेत्र में महिलाओं के साथ अधिक सहज महसूस करती हैं। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और आज इस क्षेत्र में सफलता की ऊंचाइयों को छू रही हैं।

हर छोटे शहर से निकल सकते हैं बड़े सपने…

छाया चौधरी की यह कहानी सिर्फ एक सफल मेकअप आर्टिस्ट बनने की नहीं, बल्कि उन सभी के लिए प्रेरणा है जो किसी नए क्षेत्र में पहचान बनाना चाहते हैं। उनका सफर यह दिखाता है कि अगर मेहनत और लगन सच्ची हो, तो छोटे से गांव से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।

छाया चौधरी ने एक साधारण मेकअप आर्टिस्ट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी, लेकिन आज वे न सिर्फ मेकओवर और नए गेटअप डिजाइन की विशेषज्ञ बन चुकी हैं, बल्कि उन्होंने सिरमौर मुख्यालय नाहन में अपने मेकओवर स्टूडियो “Chhaya Makeover” को एक नए और बड़े स्तर पर लॉन्च किया है। करीब 1,500 वर्ग फुट के विस्तृत क्षेत्र में फैले इस स्टूडियो को नए अंदाज में खोलकर उन्होंने अपने सपनों को एक नई उड़ान दी है।

सोमवार को शहर में महलात के समीप स्थित “छाया मेकओवर स्टूडियो” का शानदार उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र कालरा मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे और उन्होंने स्टूडियो का उद्घाटन किया। इस मौके पर शैलेंद्र कालरा ने छाया चौधरी को उनके संघर्ष, मेहनत और सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, “मेहनत, लगन और हुनर को सिद्ध करने की अडिग इच्छाशक्ति हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।”

वहीं छाया चौधरी का कहना था कि “छाया मेकओवर स्टूडियो” में मेकअप की आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ हेयर स्टाइलिंग के बेहतरीन विकल्प भी उपलब्ध हैं। यहां त्वचा के प्रकार के अनुसार सौंदर्य प्रसाधनों का चयन किया जाता है, जिससे ग्राहकों को पूरी तरह से संतुष्टि मिलती है।

बता दें कि मेकअप की दुनिया में कई नई और आधुनिक तकनीक सामने आई हैं, जो न केवल मेकअप को और भी बेहतर बनाती हैं, बल्कि उसे लंबे समय तक टिकाऊ भी बनाती हैं। छाया मेकओवर स्टूडियो में वो तमाम तकनीकें मौजूद हैं। इनमें हाइड्रा फेशियल, एचडी व बीबी ग्लो भी शामिल हैं। इसके अलावा नेल एक्सटेंशन भी महिलाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।

अपनी उच्च गुणवत्ता की सेवाओं के कारण, छाया मेकओवर स्टूडियो ने शहर में बड़े व्यावसायिक नामों में अपनी पहचान बनाई है। यह स्टूडियो न केवल मेकअप और हेयर स्टाइलिंग में विशेषज्ञता रखता है, बल्कि ग्राहकों के लिए एक शानदार और पेशेवर अनुभव प्रदान करने के लिए समर्पित है।

हालांकि छाया स्टूडियो शहर के लिए कोई नया नाम नहीं है। छाया मेकओवर का आगाज 2019 में छाया चौधरी ने एक स्टार्टअप के तौर पर किया था। शुरुआत में छाया को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण के चलते उन्होंने न केवल अपनी जगह बनाई, बल्कि शहर के युवाओं के लिए एक प्रेरणा भी बनीं।

Leave a Comment