नाहनः कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही देश के सारे गरीब लोगों की लिस्ट तैयार होगी. हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी, जिनके बैंक खाते में 5 जुलाई को 8,500 रुपये की पहली किस्त आएगी. यानी महिलाओं के खाते में एक साल में एक लाख रुपये आएंगे. 30 लाख सरकारी नौकरियां देंगे. आशावर्कर और आंगनबाड़ी वर्करों की दिहाड़ी दोगुनी होगी. मनरेगा की दिहाड़ी 250 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये की जाएगी.
नाहन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने अडानी को हिमाचल के सेब पकड़ा दिए. 7 एयरपोर्ट 50 साल के लिए दे दिए. राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गिने चुने लोगों का 16 लाख करोड़ रुपये माफ किया, लेकिन आपदा को लेकर हिमाचल सरकार की मांग के अनुसार 9 हजार करोड़ पर कोई आर्थिक मदद प्रदान नहीं की.
उन्होंने कहा कि मोदी और अडानी की पार्टनरशिप के कारण हिमाचल के किसानों को सेब के सही दाम नहीं मिल पा रहे, क्योंकि मोदी ने सभी कोल्ड स्टोरेज अडानी को दे दिए हैं. किसानों को प्राइज फिक्सिंग का सामना करना पड़ रहा है, अडानी आते हैं और कम दामों में सेब खरीदते हैं और महंगे दामों पर बेचते हैं. किसानों को फसलों के दाम अच्छे नहीं मिल पाते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही MSP लागू करेंगे. किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा.
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने जितना पैसा 22 लोगों की कर्जा माफी के लिए दिया, उतने में तो अगले 24 सालों तक किसानों का कर्जा माफ हो सकता था. निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि अपने मित्रों को जितना कर्जा माफ मोदी ने किया है, वह मनरेगा के 24 साल के बजट समान है. यही नहीं मोदी ने पीएम रहते बीते दस सालों में 22-25 लोगो को अरबपति बनाया है.
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के नेता संविधान पर हमला कर रहे हैं. भाजपा नेता खुले तौर पर संविधान को बदलने की बात कह रहे हैं. आज लड़ाई संविधान को बचाने की है. हिंदुस्तान की आवाज संविधान में है. इस आवाज को भाजपा नकार रही है. राहुल गांधी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता आजादी के लिए लड़े. भाजपा ने हिमाचल सरकार को गिराने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन उसमें कामयाबी नहीं मिली.
इससे पूर्व राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया गया. मंच पर आते ही पूरा मैदान सीटियों औऱ तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. अपने संबोधन में सबसे पहले राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को बब्बर शेर बता उनकी हौंसला आफजाई की. इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत जिला सिरमौर के तमाम कांग्रेसी नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे.
परमात्मा से मोदी का डायरेक्ट कनेक्शन
राहुल गांधी ने चुटकी लेते हुए कहा, मोदी कहते हैं कि उनका भगवान के साथ डायरेक्ट क्नेक्शन है और चमचे ताली बजाते हैं. मंच से राहुल ने कहा कि वह मोदी से पूछना चाहते हैं कि यदि उनका भगवान से कनेक्शन है तो क्या यह बीमारी सुबह होती है या शाम को या दिन में, यह जरूर बताएं. उन्होंने पीएम मोदी से ये भी सवाल किया कि क्या अडानी की मदद के लिए भी परमात्मा ने ही बोला है.

मंच से दिया देश की अर्थव्यवस्था सुधारने का मंत्र
राहुल गांधी ने कहा कि जैसे ही गरीब महिलाओं और ग्रेजुएट के खातों में खटाखट-खटाखट पैसा आएगा, देश की अर्थव्यवस्था में भी सुधार हो जाएगा. ये पैसा बाजार में निवेश होगा. इससे मांग बढ़ने पर देश में ही उद्योग लगेंगे. ऐसे में देश के आर्थिक विकास होगा. रोजगार के अवसर पैदा होंगे. यहीं का पैसा यहीं निवेश होगा. उन्होंने इसके लिए वाहन और पेट्रोल का फार्मूला दिया, जिसे सरकार लोगों को उपलब्ध कराएगी. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जिन दोस्तों पर मेहरबानी दिखाई, उन्होंने पैसा विदेशों में निवेश किया. इससे भारतीय अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है.