निर्धन गरीब लोगों को राशन वितरित करने पहुंचे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान

rakesh nandan

16/06/2025

दशमेश रोटी बैंक की नई एंबुलेंस सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 

नाहन || 16 जून 2025 || जिला सिरमौर में बीते 8 वर्षों से समाज सेवा में निरंतर कार्य कर रहा दशमेश रोटी बैंक जरूरतमंद लोगों के लिए मददगार साबित हो रहा है। आज दशमेश रोटी बैंक द्वारा जरूरतमंद निर्धन लोगों को राशन वितरण किया गया। हिमाचल प्रदेश सरकार में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान विशेष तौर पर इस सामाजिक कार्य में भाग लेने पहुंचे। इस दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा दशमेश आस्थान साहिब में शीश नवाया । इसके पश्चात उद्योग मंत्री ने यहां पहुंचे जरूरतमंद निर्धन लोगों को रोटी बैंक द्वारा महीने भर का राशन वितरित किया । इसके पश्चात दशमेश रोटी बैंक द्वारा शुरू की गई नई एंबुलेंस सेवा को भी उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि दशमेश रोटी बैंक जो सामाजिक कार्य कर रहा है वह सराहनीय है। रोटी बैंक द्वारा बीते 8 वर्षों से जरूरतमंद निर्धन लोगों को मदद पहुंचाई जा रही है और अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में आपातकालीन स्थिति में समय रहते लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है । यह बेहतरीन प्रयास है। दशमेश रोटी बैंक के सामाजिक कार्यों से अन्य लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए और हम सभी को मिलजुल कर जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद करने के लिए आगे आना चाहिए। ताकि समाज में कोई भी व्यक्ति भूखे पेट ना सोए।

उधर दशमेश रोटी बैंक के अध्यक्ष सरबजीत सिंह ने बताया कि दशमेश रोटी बैंक का प्रयास है कि हर जरूरतमंद तक हर संभव मदद पहुंचाई जा सके। दशमेश रोटी बैंक गुरु गोबिंद सिंह महाराज की कृपा से बीते 8 वर्षों से निरंतर प्रत्येक माह जरूरतमंद लोगों तक निशुल्क राशन पहुंचा रहा है। आज एक नई एंबुलेंस सेवा भी शुरू की गई है ।। उन्होंने बताया कि आज गुरुद्वारा परिसर में 50 से अधिक जरूरतमंद लोगों को निशुल्क राशन आटा चावल दालें चीनी नमक रिफाइंड तेल आदि वितरित किया गया है। उन्होंने कहा कि रोटी बैंक का प्रयास है कि भविष्य में भी यह सामाजिक कार्य निरंतर जारी रहे । आवश्यकता अनुसार जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके। इस अवसर पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान अमृत सिंह शाह, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, एसडीएम राजीव संख्यान, मंडी समिति अध्यक्ष सीताराम शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी के आनंद परमार, दशमेश रोटी बैंक के उपाध्यक्ष दलबीर सिंह, जसबीर सिंह, अरविंदर सिंह, मनिंदर सिंह, राजेंद्र सिंह, अतुल, सतिंदर कौर, गुनीत कौर, हरप्रीत कौर आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment