नाहन 14 दिसंबर 2024 || बांग्लादेश में अल्पसंख्यक विशेषकर हिंदुओं पर हो अत्याचार के विरोध में शनिवार को नाहन में हिंदू समाज सड़कों पर उतरा।
इस दौरान बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई. जिला मुख्यालय नाहन में जन आक्रोश रैली के दौरान हिन्दू संगठनों से जुड़े लोगों ने अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई।
Lसाधु-संत समाज की अगुवाई में निकली जनाक्रोश रैली हिंदू आश्रम से शुरू होकर दिल्ली गेट, यशवंत चौक, गुन्नूघाट, बड़ा चौक, छोटा चौक, बस स्टैंड से होते हुए रघुनाथ मंदिर में संपन्न हुई।
इस रैली के माध्यम से बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार पर संवेदना प्रकट करने के साथ-साथ केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय समुदाय सहित मानवाधिकार से भी इस विषय पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई, ताकि इस अंकुश लग सके। रैली में महिला शक्ति ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
इससे पूर्व हिंदू आश्रम नाहन में हिंदू समाज के लोग एकत्रित हुए। इसमें साधु व संत समाज के लोग भी मौजूद रहे, जहां वक्ताओं ने बांग्लादेश में बढ़ रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद की। संत समाज ने भी अपने विचार रखे और हिंदुओं से एकजुट होने का आह्वान किया।
हिंदू रक्षा समिति नाहन के संयोजक योगेश्वर गौतम ने बताया कि नाहन में जनाक्रोश रैली सफल रही। इस रैली में महिला शक्ति समेत संत समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समाज पर अत्याचार काफी बढ़ रहे हैं, जहां ज्यादातर महिलाओं को टारगेट किया जा रहा है और उनका शारीरिक शोषण हो रहा है।
इस रैली के माध्यम से ये संदेश दिया गया कि सभी हिंदू एकजुट हैं और मां, बहनों और बेटियों पर इस तरह के अत्याचारों को सहन नहीं करेंगे। पूरा हिंदू समाज उनके साथ खड़ा है और सहयोग के लिए तैयार है ताकि, एक संदेश जाए. जहां भी विश्व में हमारे हिंदू समाज के लोग हैं, उनकी हर समय सहायता की जाएगी।