नाहन || 2 जुलाई || ड्रॉप्स ऑफ होप समूह की रक्तदान कर लोगों के अनमोल जीवन की सुरक्षा करने की मुहिम लगातार जारी है। समूह द्वारा ना केवल नाहन मेडिकल कॉलेज, अपितु पीजीआई चंडीगढ़, आईजीएमसी शिमला, पंचकूला, मोहाली, देहरादून, अंबाला तक में समूह के माध्यम से खून की जरूरत को पूरा किया जा रहा है।

सिरमौर का मुख्यालय नाहन हो या दूसरी कोई जगह केवल एक मैसेज या कॉल के बाद ही समूह की ओर से जरूरतमंद को रक्तदाता उपलब्ध करवाया जा रहा है। एक जून से 30 जून तक ड्रॉप्स होप समूह ने 56 यूनिट रक्त जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध करवाया है। इनमें डिलीवरी समेत अन्य गंभीर बीमारी के मरीज शामिल रहे।
मेडिकल कॉलेज नाहन के ब्लड बैंक में समूह की ओर से विभिन्न ग्रुपों का 32 यूनिट खून दान दिया गया। इनमें बी पॉजिटिव का 25 यूनिट, एबी पॉजिटिव का 04 यूनिट, एबी नेगेटिव का 3 यूनिट खून मेडिकल कॉलेज को उपलब्ध करवाया गया।
इसके अलावा समूह के सदस्य राजिंद्र सिंह ने बी नेगेटिव 5 यूनिट खून देहरादून जाकर मरीज को उपलब्ध करवाया। वहीं समूह के सदस्य कपिल ने 11 यूनिट खून आईजीएमसी शिमला और पीजीआई चंडीगढ़ में उपलब्ध करवाया। सलमान खान ने 2 यूनिट पीजीआई, अखिल माहेश्वरी ने 5 यूनिट पंचकूला व मोहाली में उपलब्ध करवाया। कुमारी राजकुमारी ने सोलन अस्पताल में एबी पॉजिटिव-1 यूनिट खून दान किया। समूह के सदस्यों ने शिमला, सोलन, चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली वच देहरादून में 24 यूनिट खून जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध करवाया। ड्रॉप्स ऑफ होप समूह के संचालक ईशान राव ने बताया कि समूह की ओर से जरूरतमंद लोगों को एक कॉल या मैसेज पर खून उपलब्ध करवाया जा रहा है।
