डंगार में सहकारी समिति के उप डिपो भवन की आधारशिला रखी, मंत्री राजेश धर्मानी ने की 10 लाख की विशेष घोषणा

rakesh nandan

20/07/2025

बिलासपुर || 20 जुलाई 2025 || प्रदेश सरकार में नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यवसाय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने आज डंगार स्थित दिख्युत कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के उप डिपो भवन की आधारशिला रखी। इस भवन का निर्माण 20 लाख रुपए की अनुमानित लागत से किया जाएगा, जिससे किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को उर्वरक, बीज एवं अन्य कृषि आवश्यकताओं की आपूर्ति अधिक सुलभ एवं सुगम हो सकेगी।

इस अवसर पर मंत्री धर्मानी ने भवन निर्माण के लिए समिति को 10 लाख रुपए की विशेष आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को सशक्त करने के लिए सहकारी समितियों को एक आधार स्तंभ मानती है और इस दिशा में निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है।

मंत्री ने सहकारी समितियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की बात करते हुए कहा कि इससे किसानों को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने समिति के सदस्यों को पारदर्शिता, सेवा भावना और ग्रामीण हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आग्रह किया।

धर्मानी ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है और युवाओं को कृषि से जोड़ने के लिए स्टार्टअप प्रोत्साहन योजनाएं भी शुरू की गई हैं।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सहकारी समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय किसानों ने भारी संख्या में भाग लिया। सभी ने सरकार द्वारा उठाए जा रहे किसान हितैषी कदमों की सराहना की।

Leave a Comment