सड़क पर सुरक्षा और जान माल दोनों की सुरक्षा को लेकर जिला सिरमौर रोड सेफ्टी कमेटी ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत नाहन ट्रैफिक पुलिस के द्वारा आज मंगलवार को जागरूकता का विशेष अभियान भी चलाया गया।
इस अभियान को लीड करते हुए ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल दिनेश और उनकी टीम में शामिल एचएचसी विक्रम देव कांस्टेबल राजेश होमगार्ड आरक्षी अरुणा बाला आदि के द्वारा ट्रैफिक नियमों से जुड़ी जागरूकता सामग्री भी बांटी गई।
ट्रैफिक पुलिस के द्वारा चौगान मैदान के साथ मुख्य रोड पर दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया गया। हेड कांस्टेबल दिनेश ने बताया कि दो पहिया वाहन चलने वाले चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को बेहतर क्वालिटी में आई एस आई मार्क का हेलमेट ही पहनना चाहिए। उन्होंने वाहन चालकों को अवेयर करते हुए बताया कि हेलमेट को ठीक तरह से सर पर लगाकर उसकी क्लिपिंग करना भी जरूरी है। उनका कहना है कि कई दो पहिया वाहन चालक हेलमेट को सर पर न लगाकर बल्कि बाजू में डालकर चलते हैं। उन्होंने बताया इससे न केवल ट्रैफिक नियमों की अवहेलना होती है बल्कि दुर्घटना आदि होने पर सर के साथ-साथ बाजू को भी नुकसान होने का काफी अंदेशा बढ़ जाता है।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि जिला सिरमौर पुलिस कप्तान सड़क पर दुर्घटनाओं में 0% कमी लाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उनका भी यह पूरा-पूरा प्रयास रहता है की सड़क पर कम से कम दुर्घटना हो और जान माल का नुकसान भी ना हो पाए।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि जब हर वाहन चालक सुरक्षा नियमों को अपनी नैतिक जिम्मेदारी के तहत अपनाएगा तो निश्चित ही न केवल वह सड़क पर सुरक्षित होगा बल्कि सड़क पर पैदल चलने वालों को भी सुरक्षा मिल पाएगी। मंगलवार को आयोजित इस जागरूकता अभियान में नाहन ट्रैफिक पुलिस के द्वारा करीब 70 से अधिक दो पहिया वाहन चालकों को जागरूकता प्रचार सामग्री के साथ-साथ सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।