हमीरपुर || 2 अगस्त 2025 || केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जिला हमीरपुर के पांच पुलिस कर्मचारियों—मानक मुख्य आरक्षी रीता देवी, निर्मल सिंह, राजकुमारी, रवि कुमार और हिमानी चौहान—को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया है। इस सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में किया गया, जहाँ उपायुक्त अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पदक विजेताओं को सम्मानित किया।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि हमीरपुर जैसे छोटे जिले के पांच पुलिस कर्मचारियों का केंद्रीय गृह मंत्रालय से यह सम्मान प्राप्त करना गर्व की बात है। यह उपलब्धि न केवल पुरस्कार प्राप्त करने वालों के लिए बल्कि पूरे पुलिस बल के लिए उत्साह और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जोश के साथ अपने कार्यों को अंजाम देंगे।
एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता और सुनियोजित मूल्यांकन प्रणाली के तहत कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गृह मंत्रालय ने 2019-20 से उत्कृष्ट सेवा पदक योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि यह जिला हमीरपुर के लिए गर्व की बात है कि पहली बार में ही पांच पुलिस कर्मचारियों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है। उन्होंने सभी पदक विजेताओं की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ये अन्य पुलिस कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में एएसपी राजेश कुमार, एडीसी अभिषेक गर्ग, विजिलेंस की एएसपी रेणु शर्मा, एसडीएम संजीत सिंह, होमगार्ड्स के कमांडेंट विनय कुमार, डीएसपी नितिन चौहान, हरीश गुलेरिया सहित कई अधिकारी भी उपस्थित थे।