शिमला 16 जुलाई, 2025 || उपायुक्त शिमला, अनुपम कश्यप ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को जिला शिमला में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत, सभी 412 ग्राम पंचायतों, शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों, और नगर निगम शिमला के सभी वार्ड में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे सभी की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
बचत भवन में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए, अनुपम कश्यप ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता कार्यक्रम, पौधरोपण, और “चिल्ड्रन ऑफ स्टेट” कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी बताया कि इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी (बॉयज एवं गर्ल्स), स्काउट एवं गाइड के साथ-साथ पुलिस और होमगार्ड बैंड भी मार्च पास्ट में भाग लेंगे। 15 अगस्त 2025 के समारोह के पूर्वाभ्यास की शुरुआत 11 अगस्त से होगी। मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों और वीरता पुरस्कार से सम्मानित सेना के जवानों को आमंत्रित किया जाएगा।
कश्यप ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्रों के प्रस्तुतियों का भी उल्लेख किया और सभी कॉलेज प्राचार्यों को निर्देशित किया कि इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम अन्य राज्यों की संस्कृति पर आधारित हों, ताकि स्वतंत्रता दिवस की मूल भावना से सब जुड़ सकें। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कॉलेजों, सरकारी और निजी स्कूलों में कार्यक्रमों के आयोजन की भी बात की। इसके साथ ही, शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया गया कि वे स्वतंत्रता दिवस समारोह से पूर्व देशभक्ति पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करें। सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग को गेयटी थिएटर के बाहर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्कूल और कॉलेजों में ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसके विजेताओं को मुख्यातिथि द्वारा समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
अनुपम कश्यप ने सभी कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को समारोह में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव कुमार गांधी, अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।