आयुष्मान भव अभियान का शुभारंभ पूरे देश में 13 सितम्बर से हुआ है। यह अभियान से 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में लोगों जागरूक करने तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। यह जानकारी उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने आयुष्मान भव के जिला स्तरीय अभियान के शुभारंभ पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
मीडिया से बात करते हुए उपायुक्त सिरमौर ने बताया कि इस अभियान के तीन मुख्य घटक होंगे जिसमें पहला घटक आयुष्मान आपके द्वार 3.0, दूसरा आयुष्मान स्वास्थ्य मेला तथा तीसरा आयुष्मान सभा प्रमुख भाग होंगे।
उपायुक्त ने बताया कि 2 अक्तूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में आयुष्मान सभा का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक दिन के लिए स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों को स्वच्छता के बारे में संदेश देकर जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि स्वयंसेवी संस्थाओं के सहायोग से रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें स्वैच्छिक रक्तदान करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।