जिला परिषद की बैठक में जनहित के कई मुद्दों हुई चर्चा

rakesh nandan

16/07/2025

हमीरपुर 16 जुलाई 2025 || जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक बुधवार को बबली देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में परिषद के सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों और प्रश्नों पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। कई पुराने मुद्दों पर भी अधिकारियों से जवाब तलब किया गया।

बैठक में ग्राम पंचायत मोरसू सुल्तानी के कुछ क्षेत्रों में जमीन की खरीद-फरोख्त, भवन निर्माण और सार्वजनिक रास्तों के बारे में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई। इसके अलावा, चैंथ खड्ड के तटीकरण, धनेटा चौक पर ट्रैफिक लाइटें लगाने, जिले में कई स्थानों पर सोलर लाइटों के खराब होने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ाग्रां और एचडब्ल्यूसी धमरोल तथा चंदरूही के भवनों और परिसरों की मरम्मत जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंदड़ू, कक्कड़, बजरोल, जंगलबैरी, बगेहड़ा और रंगड़ में रिक्त पदों के मुद्दे, राजकीय उच्च पाठशाला भेरड़ा के खाली भवन को अन्य विभागों के संस्थानों के लिए आवंटित करने, जल शक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों के वेतन की अदायगी, ग्राम पंचायत ग्यारहग्रां की उठाऊ पेयजल योजना और सिंचाई योजना के बंद होने, और ग्राम पंचायत धनेटा में लोक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में अन्य मुद्दों जैसे जिले के कुछ गांवों में बिजली की समस्या, 15वें वित्त आयोग की धनराशि के कार्यों की धीमी गति, जंगलबैरी क्षेत्र के निचले इलाकों में बाढ़ की समस्या, बड़सर-शाहतलाई सड़क और भरेड़ी-धमरोल-सुलगवान सड़क की नालियों की मरम्मत पर भी चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्ष बबली देवी ने सभी अधिकारियों से निवेदन किया कि वे सभी सदस्यों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि ये मुद्दे आम जनता से सीधे जुड़े हुए हैं और इन्हें सुलझाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक की कार्यवाही आरंभ करने से पहले, इस मॉनसून सीजन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में आई आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक का संचालन जिला पंचायत अधिकारी एवं परिषद की सचिव बबीता गुलेरिया ने किया, और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिषद के सदस्यों को अपने-अपने विभागों से संबंधित मुद्दों की ताजा स्थिति से अवगत कराया।

Leave a Comment