जिला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न, जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर हुई व्यापक चर्चा

rakesh nandan

16/07/2025

ऊना, 16 जुलाई 2025 || जिला परिषद ऊना की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष नीलम कुमारी ने बैठक की अध्यक्षता की। विशेष अतिथि के रूप में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा भी उपस्थित रहे।

बैठक में मार्च से जून 2025 के लिए 3.61 करोड़ रुपये के आय-व्यय अनुमोदन को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही 15वें वित्त आयोग के तहत कार्ययोजनाओं में संशोधन के लिए 13 लाख रुपये और विभिन्न अनुपूरक कार्यों के लिए 4.47 लाख रुपये की राशि का अनुमोदन भी किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जिला पंचायत एडवांसमेंट शेल्फ पोर्टल पर लंबित कार्यों का विवरण 31 जुलाई तक ग्राम सभा की स्वीकृति के साथ अपलोड करें।

बैठक में सदस्यों ने सड़कों, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन और बिजली से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत की आवश्यकता और बुडवार पंचायत को लठियाणी-मंदली पुल से जोड़ने की मांग प्रमुख थी।

विधायक विवेक शर्मा ने विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए उपयोगी सुझाव दिए और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लटकते बिजली तारों के मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और पुलियों के साथ अप्रोच रोड को पक्का करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

जिला परिषद सदस्य सतीश शर्मा ने विधायक की उपस्थिति को ऐतिहासिक बताया, यह उल्लेख करते हुए कि पिछले 29 वर्षों में कोई भी विधायक इस बैठक में शामिल नहीं हुआ था। बैठक के दौरान प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं के चलते हुई जनहानि पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक के अंत में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को जिले की ओर से सम्मानित भी किया गया। बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष ओंकार नाथ कसाना, एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार और अन्य जिला परिषद सदस्य तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment