घना कोहरा / धुंध एवं शीतलहर सम्बन्धी सलाह

rakesh nandan

20/12/2024

बिलासपुर [20 दिसंबर 2024] उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण आबिद हुसैन सादिक ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), शिमला द्वारा जिला बिलासपुर में भीषण शीत लहर का ओरेंज अलर्ट 18 से 23 दिसंबर तक जारी किया गया है। इसके मध्यनज़र जिले में लगातार घटते तापमान को देखते हुए आगामी दिनों में ठंडी हवाएं एवं घना कोहरे का असर देखा जा सकता है। उन्होंने जिला के सभी नागरिकों और पर्यटकों से कहा है कि अपनी सेहत के प्रति सतर्क रहें। शीतलहर और धुंध खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव को कम करने तथा रोकथाम के लिए सावधानियां बरतें।

घना कोहरा एवं धुंध में यातायात सम्बन्धी सलाह

उन्होंने बताया कि अधिक कोहरा होने की स्थिति में वाहन को कम गति पर ही चलायें। गाड़ी चालकों से आग्रह किया कि कोहरे के दौरान लाइट को कम बीम पर रखें, दृश्यता कम होने की स्थिति में फॉग लाइट का उपयोग करें। वाहनों के बीच उचित दूरी बनाए रखें, जब दृश्यता बेहद खराब हो तो सड़क पर पेंट की गई लाइन का उपयोग एक गाइड के रूप में करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन और उच्च संगीत प्रणाली का उपयोग न करें।

शीतलहर से सुरक्षा के उपाय

उन्होंने बताया कि जहाँ तक संभव हो शीतलहर के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रहें। घर से बाहर जाते हुए सिर, कान, हाथ, पैर और नाक को ढक कर ही बाहर निकले। समय-समय पर महत्वपूर्ण जानकारी के लिए स्थानीय रेडियो स्टेशन, टीवी व समाचार पत्र का उपयोग करें। स्थानीय मौसम के पूर्वानुमान और आगामी तापमान में परिवर्तन के बारे में सतर्क रहें। शरीर में ऊष्मा के प्रवाह को बनाये रखने के लिए पोषक आहार एवं गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें।

शरीर पर कई परतों वाले ऊनी एवं गर्म कपड़ों को पहनें। शरीर को सूखा रखें, कपड़े गीले होने की स्थिति में ऊष्मा का अभाव हो सकता है। कमरे में अंगीठी और हिटर का प्रयोग करते समय कमरे को पुर्णतः बंद न करें वायु संचार बनाये रखें।

Leave a Comment