गोविंद सागर में मुख्यमंत्री जल्द करेंगे वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज का शुभारंभ : डीसी बिलासपुर

rakesh nandan

27/09/2024

बिलासपुर || 27 सितंबर || बिलासपुर गोबिंदसागर झील में आम लोगों व पर्यटकों के लिए क्रूज व शिकारे का आनंद लेने का इंतजार अब समाप्त होने ही वाला है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मंडी भराड़ी के समीप शुक्रवार को उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक की उपस्थिति में क्रूज का ट्रायल रन किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पर्यटन विभाग के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि गोविंद सागर झील और कोल डैम में वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी शुरू करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए हर संभव सहायता किया और समय-समय पर इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर गोबिंदसागर झील में क्रूज, शिकारे व अन्य रोमांचक खेलों को शुरू करवाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद गंभीर हैं और पूरी नजर बनाए हुए हैं।

 

उन्होंने बताया कि नवरात्रों में या फिर नवरात्रों के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस क्रूज का शुभारंभ शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह क्रूज न केवल हिमाचल का अपितु उत्तर भारत का पहला क्रूज है जो सैलानियों को झील की सैर करवाएगा।

ट्रायल रन के उपरांत मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अभी क्रूज को पूरी तरह से तैयार करने के लिए समय लगेगा और सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही

अक्तूबर माह में क्रूज की व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि मंडी भराड़ी में झील पर जिपलाईन तैयार की जाएगी जबकि स्काई वॉक ब्रिज निर्मित करने की भी योजना है। इसके साथ ही वे-साईड एम्युनिटीज विकसित कर पर्यटकों के लिए रेस्तरां व अन्य गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तो वहीं, बिलासपुर की इकोनोमी में भी ग्रोथ आएगी।

 

उन्होंने कहा कि झील में वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी शुरू होने के उपरांत बिलासपुर से कुल्लू मनाली के लिए भुंतर तक हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।

 

जिला बिलासपुर में पर्यटन की गतिविधियां बढ़ने से जिला के युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा इसके अतिरिक्त यहां के दुकानदारों की आमदनी बढ़ेगी और महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की स्थानीय उत्पादों को भी बहुत बड़ा बाजार उपलब्ध होगा। क्षेत्र में बड़े स्तर पर पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से बड़े-बड़े होटल और रेस्टोरेंट विकसित होंगे जिससे जिला बिलासपुर सहित अन्य जिला के युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध होगा।

डीसी बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि क्रूज को झील में उतार दिया गया है। शेष बची औपचारिकताओं को पूरा कर उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स एक्टीविटीज के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और ईको पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय में स्थापित किया जा रहा है। आने वाले कुछ वर्षों में बिलासपुर में पर्यटन गतिविधियां केरल और गोवा के तर्ज पर विकसित होंगी।

इस अवसर पर सदर एसडीएम अभिषेक गर्ग डीएसपी मदन धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment