नाहन || 24 जुलाई, 2024 || जिला सिरमौर के विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत देवनी में महिलाओं के लिए एक दिवसीय संवेदीकरण संवाद शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के इलाकों की 100 के करीब महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। ग्राम पंचायत देवनी की प्रधान चिंता देवी शिविर में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहीं।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत एनएसटीसी (NSTC) द्वारा संपोषित की जा रही परियोजना हिम प्रोडक्टिव सोसाइटी ऑफ सोशल वेलफेयर सोलन की ओर से आयोजित शिविर का मुख्य मकसद मां और बच्चे के लिए समुदाय में अपनाई जा रही जीवन शैली का आकलन करना था।

इस मौके पर स्थानीय महिलाओं से संवाद कर उनकी जीवन शैली के बारे में तर्क-वितर्क किए गए। स्वास्थ्य विभाग की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर डॉ. नीना ने महिलाओं से बातचीत कर पाया कि गर्भवती महिलाएं सही समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच नहीं करवातीं, क्योंकि वे गर्भधारण करने के बाद तीन से चार महीने तक अपने इसकी किसी को खबर नहीं होने देतीं। इस वजह से उनको फोलिक एसिड वाली गोली समय से नहीं मिल पाती और बच्चे का संपूर्ण विकास नहीं हो पाता।

उन्होंने सभी महिलाओं से आग्रह किया कि जैसे ही किसी महिला का महीना आना बंद होता है तो तुरंत उसको अस्पताल जाकर अपनी जांच करवानी चाहिए, ताकि उसके गर्भधारण को सुनिश्चित किया जा सके और समय पर जरूरी दवाओं का सेवन कराया जा सके।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत देवनी की उपप्रधान शबनम बेगम, स्वास्थ्य विभाग की टीम में काम्या चौहान, श्जया, सुमित्रा, लीलाबती, फरज़ाना, हिम प्रोडक्टिव सोसाइटी की प्रधान कमला भाटिया और नीलम आदि महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Comment