केवी घुमारवीं की कक्षाएं पीएम श्री छात्र पाठशाला में होंगी संचालित, आठ कमरों का चयन

rakesh nandan

18/07/2025

बिलासपुर, 17 जुलाई 2025 || केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं भवन को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए कक्षाएं अब अस्थायी रूप से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला घुमारवीं में संचालित की जाएंगी।

इस संबंध में वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर, ओमकांत ठाकुर, एसडीएम घुमारवीं, गौरव चौधरी, और उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने संयुक्त रूप से छात्र पाठशाला परिसर का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में आठ कक्षाओं का चयन किया, जहाँ केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं संचालित होंगी।

अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं शीघ्रता से पूर्ण की जाएं, ताकि केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं जल्द से जल्द आरंभ हो सकें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में कोई व्यवधान न आए और उन्हें एक उपयुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जिला प्रशासन इस दिशा में शिक्षा विभाग को हर संभव सहयोग प्रदान कर रहा है।

Leave a Comment