उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जनवरी माह में किन्नौर जिला में शून्य सड़क दुर्घटना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैठक में जिला में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विभिन्न विभागों के साथ विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त ने बताया कि जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स को दुरुस्त रखने, वहां आवश्यक साइन बोर्ड लगाने तथा पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही वाहन चालकों को सतर्कता के साथ वाहन चलाने के लिए जागरूक किया जाएगा और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम, निजी बस, ट्रक और टैक्सी चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की जाएगी। डॉ. अमित कुमार शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों की अनुपालना और शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और बहुमूल्य जानों को बचाया जा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को संवेदनशील स्थलों के समीप रोगी वाहनों की तैनाती के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके। वहीं सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को सर्दी के मौसम में सड़कों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. कुलदीप सिंह डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण कुमार गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।